अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की मां के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज
संवाददाता/ in24 न्यूज़
अपनी ख़ूबसूरती की वजह से हमेशा चर्चा में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला (bollywood actor urvashi routela) इस समय एक दूसरी वजह से चर्चा में आ गयी हैं. बॉलीवुड की एक स्ट्रगलर मॉडल अंकिता सिंह (ankita singh) ने अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की मां मीरा रौतेला (meera routela) के खिलाफ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है. ओशिवारा पुलिस को दी गयी अपनी शिकायत में अंकिता सिंह ने उर्वशी की मां मीरा पर गाली गलौज करने और धमकी देने समेत कई तरह के आरोप लगाए है. दरअसल ये पूरा का पूरा मामला है किराए के घर को लेकर है. फिल्म अभिनेत्री अंकिता सिंह ने इस मामले में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसके मुताबिक, ओशिवारा इलाके में मीरा रौतेला का एक फ़्लैट है. इस फ़्लैट को कुछ महीने पहले अंकिता सिंह ने किराये पर लिया था, जिसका एग्रीमेंट 11 महीने के लिए बनाया गया था. लेकिन 11 महीने पूरे होने से 3-4 महीने पहले ही मीरा रौतेला ने अंकिता को फ़्लैट खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया। लेकिन उस समय कोई अन्य घर नहीं मिलने के कारण अंकिता ने घर खाली नहीं किया। साथ ही अंकिता ने मीरा से यह भी कहा कि वे कोई दूसरा घर तलाश रही हैं, और जैसे ही घर मिल जाएगा वैसे ही वे उनका घर खाली कर देंगी।
अंकिता ने मीरा रौतेला के खिलाफ आरोप लगते हुए कहा कि मीरा रौतेला ने उनकी एक बात नहीं सुनी, और वे गाली गलौज और धमकी देने लगी. कुछ महीने पहले किसी जरूरी काम से अंकिता अपने गांव चली गयी.और जब वे वापस आई तो घर में मीरा रौतेला ने ताला लगा दिया था और अंकिता को घर की चाभी देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद अंकिता अपनी वकील को लेकर ओशिवारा पुलिस पहुंची और मीरा रौतेला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। अंकिता का कहना है कि उनके पास न ही पैसे हैं और न ही रहने के लिए घर, तो ऐसे में वे अब कहां जाएंगी? इस मामले में अंकिता के वकील ने कहा कि एग्रीमेंट के आधार पर मीरा रौतेला अभी रूम खाली करने के लिए नहीं कह सकती है, जबकि अंकिता ने डिपाजिट भी दिया है. यही नहीं अंकिता के वकील ने ओशिवारा पुलिस पर भी शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है, हालांकि इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गयी है और जांच के बाद सही कदम उठाया जाएगा।