Breaking News

अस्पताल से भागे चार सज़ायाफ्ता कोरोना मरीज़ को ढूंढ रही है पुलिस

27 Aug, 2020 726

संवाददाता /in24न्यूज़.
विश्वव्यापी महामारी कोरोना का संक्रमण लगातार लोगों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है. कई खबरें आती रही हैं कि कुछ मरीज़ इलाज के दौरान अस्पताल से भाग गए. ऐसी ही एक खबर हैदराबाद से आई है. हैदराबाद के गांधी अस्पताल में एक बार फिर कोरोना पीड़ितों ने हलचल मचा दी है। अस्पताल में कोरोना का इलाज करवा रहे चार कोरोना पीड़ित कैदी यहां से भाग खड़े हुए। ये चारों कैदी चर्लपल्ली जेल में सजा काट रहे थे। जब इन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया तो इलाज के लिए चारों कैदियों को गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहीं से ये चारों फरार हो गए। वहां मौजूद एस्कॉर्ट स्टाफ की आंखों में धूल झोंककर चारों के फरार होने की बात बताई जा रही है। इस मामले का पता अस्पताल के कर्मचारियों व प्रशासन को देर से लगा। पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। ऐसा अनुमान है कि ये चारों कैदी लगभग 3 बजे अस्पताल से भाग गए। अधिकारियों ने पाया कि गांधी अस्पताल के मुख्य भवन की दूसरी मंजिल पर कैदियों ने बाथरूम की ग्रिल हटा दी और वहीं से वे भागने में कामयाब हो गए। भागने वाले चार कैदियों की पहचान सोमसुंदर, पी. नरसिम्हा, मोहम्मद अब्दुल अरबाज़, मो जाविद के रूप में हुई है। पुलिस इन चारों की तलाश में जुट गई है। बता दें कि तेलंगाना में कोरोना का प्रकोप जारी है। नवीनतम स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तेलंगाना में 2795 नए मामले सामने आए हैं। इससे तेलंगाना में दर्ज कुल कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 1,14,483 हो गई। गौरतलब है कि कोरोना का संक्रमण है ही इतना खतरनाक कि इसके प्रति लापरवाही साक्षात परेशानी को निमंत्रण देना है. 

अन्य खबरे