Breaking News

एंटीलिया मामले में दो गिरफ्तार

15 Jun, 2021 789

संवाददाता/in24 न्यूज़.
एनआईए ने एंटीलिया मामले की जांच मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इस साल फरवरी महीने में देश के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक सामग्री से भरी एक एसयूवी बरामद की गई की थी। इस मामले में एनआईए लगातार जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक आज एनआईए ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील मामले में जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के नाम सामने आए। अधिकारी ने बताया कि संतोष शेलार और आनंद जाधव को 11 जून को मलाड उपनगर से पकड़ा गया था। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि दोनों अंबानी के आवास के पास उस एसयूवी को वहां रखने में शामिल थे जिसमें विस्फोटक सामग्री रखी थी। गौरतलब है कि एक विशेष अदालत ने दोनों को 21 जून तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया। वहीं अधिकारी ने बताया कि एनआईए इस बात का पता लगा रही है कि क्या शेलार और जाधव की ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या में कोई भूमिका है जो कथित रूप से अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर 25 फरवरी को बरामद उस एसयूवी का मालिक था। हिरन का शव पांच मार्च को ठाणे में तट पर मिला था। एनआईए के अनुसार मुंबई पुलिस के सहायक पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वझे मामले में मुख्य आरोपी हैं जिन्हें अब बर्खास्त कर दिया गया है। अंबानी की सुरक्षा में चूक और हिरन की हत्या के मामले में अब तक तीन अधिकारियों, एक कांस्टेबल समेत चार पुलिसकर्मी और एक क्रिकेट सट्टेबाज को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों को सेवा बर्खास्त कर दी गई है। आगे की जांच भी चल रही है। 

अन्य खबरे