एकदिन पहले पिता ने बेटे को साइकिल दी दूसरे दिन बेटे की सड़क हादसे में मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर पिता अपनी औलाद की ख़ुशी चाहता है और यथासंभव उसके लिए जितना हो सकता है करता है. मगर एक पिता को नहीं मालूम था कि जब वह अपने कलेजे के टुकड़े को साइकिल खरीदकर देगा तो दूसरे दिन उसकी मौत की खबर मिलेगी. बिहार के औरंगाबाद स्थित मदनपुर थाना क्षेत्र के मिठइया मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह ट्रैक्टर से कुचलकर 14 वर्षीय सचिन कुमार की मौत हो गई। मृतक आमस थाना क्षेत्र के मंझौलिया गांव निवासी सीताराम यादव का पुत्र था। घटना के विरोध में स्वजनों ने जीटी रोड को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। जानकारी के मुताबिक़ सुबह सचिन ट्यूशन पढ़ने औरंगाबाद के मदनपुर बाजार आया था। ट्यूशन पढ़ने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह मिठईया मोड़ के पास पहुंचा कि विपरीत दिशा से आ रहे ईंट से लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इधर स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि हादसे की खबर सुन स्वजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने जीटी रोड को जाम कर दिया। मुआवजा के लिए प्रदर्शन और हंगामा करने लगे। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाती रही, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। लगभग तीन घंटे तक जीटी रोड जाम रहा। इसके चलते गया स्थित शेरघाटी तक और औरंगाबाद शहर तक सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण आवागमन बिल्कुल ठप पड़ गया। काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाया गया। जाम के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं बेटे की मौत से सीताराम यादव बेसुध हो गए हैं। वे रोते-रोते बताते हैं कि कल ही बेटे के लिए साइकिल खरीदी थी। बहुत दिनों से कह रहा था कि ट्यूशन पढ़ने के लिए आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। लेकिन, क्या पता था कि इस साइकिल से उसका ट्यूशन जाने का पहला और अंतिम दिन है। साइकिल उसकी जान का कारण बन गया। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक का माहौल बना दिया है,