Breaking News

एयर कंडीशनर में ठंड लगने से दो नवजात शिशुओं की मौत

25 Sep, 2023 884

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
लापरवाही का एक बड़ा मामला उत्तर प्रदेश के शामली जिले से सामने आया है। यहां के कैराना इलाके में एक निजी क्लीनिक में दो नवजात बच्चों की रविवार को कथित तौर पर एयर कंडीशनर से ठंड लगने के कारण मौत हो गई। नवजात शिशुओं के परिवारों ने आरोप लगाया कि क्लिनिक के मालिक डॉक्टर नीतू ने शनिवार रात सोने के लिए तेज एयर कंडीशनर चालू किया जिससे कमरा बहुत ठंडा हो गया। रविवार सुबह जब परिजन बच्चों को देखने गए तो वे दोनों मृत पाए गए। कैराना के एचएचओ नेत्रपाल सिंह ने बताया कि बच्चों के परिवारों की शिकायत पर डॉ. नीतू के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक बसेड़ा गांव के निवासी नाजिम और कैराना के रहने वाले साकिब के दो नवजात बच्चों को इलाज के लिए फोटोथेरेपी यूनिट में रखा गया था। शनिवार रात को सोने के लिए नीतू ने एयर कंडीशनर चालू किया और अगली सुबह जब उनके परिवार वाले उन्हें देखने गए तो दोनों बच्चे यूनिट में मृत पाए गए। घटना को लेकर पीड़ित परिवारों ने विरोध प्रदर्शन किया और डॉ. नीतू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आगे की कार्रवाई जारी है।

अन्य खबरे