कांग्रेस के साथ सरकार बनाना सबसे बड़ी गलती थी : कुमारस्वामी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस के साथ सरकार बनाकर अब जेडी (एस) नेता तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी बेहद पछता रहे हैं. बता दें कि कर्नाटक में अभी भारतीय जनता पार्टी की सरकार चल रही है, लेकिन इससे पहले कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन की सरकार थी. जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी थी. अब जेडी (एस) नेता तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाना उनकी सबसे बड़ी गलती थी. एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी ने गठबंधन सरकार बनाकर राज्य की जनता के बीच बनाया 12 साल का भरोसा खो दिया. उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की जाल में फंस गए थे. एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर षड्यंत्र रचाने का आरोप लगाया और कहा कि जितना बड़ा धोखा उन्होंने दिया उतना बड़ा धोखा भाजपा ने भी उन्हें नहीं दिया. कुमारस्वामी ने मैसूर में शनिवार को पत्रकारों के बीच कहा कि साल 2006-07 में वह राज्य के मुख्यमंत्री बने थे और जनता का भरोसा हासिल किया था. इस भरोसे को उन्होंने अब खो दिया है. उन्होंने कहा कि 12 साल का भरोसा उन्होंने कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर खो दिया. कांग्रेस से उन्हें हाथ नहीं मिलाना चाहिए था.कुमारस्वामी ने कहा कि जेडी(एस) को कांग्रेस पार्टी ने भाजपा की 'बी' टीम कहकर हमारे खिलाफ अभियान चलाया था. इसके बाद भी हम कांग्रेस की जाल में फंस गए और उसके साथ मिलकर सरकार बना ली. कुमारस्वामी ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो एचडी देवगौड़ा तथा उनके पिता के रुख की वजह से वह कांग्रेस के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाने के लिए राजी हुए थे. कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी को अब मजबूती खोकर उसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. स्वतंत्र रूप से 28-40 सीटें जीतने वाली मेरी पार्टी को पिछले तीन साल में हुए चुनाव के दौरान इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. कुमारस्वामी ने देवगौड़ा को इसका दोष न देते हुए कहा कि वह धर्मनिरपेक्ष पहचान के प्रति अपने प्रतिबद्धता निभा रहे थे. जिसका वह सम्मान करते हैं. एक कहावत शायद कुमारस्वामी भूल रहे हैं कि अब पछताय होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत!