घरेलू विवाद से पति पत्नी ने चुना आत्महत्या का रास्ता
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आजकल पति-पत्नी के रिश्तों में आये दिन खटास की खबरें आती रहती हैं। कई बार झगड़ा और विवाद इतना बढ़ जाता है कि वे अपनी ज़िंदगी तक समाप्त कर लेते हैं। अब इसी कड़ी में घरेलू कलह के चलते गांव खारवन निवासी दो बच्चों के पिता ने दादुपुर हेड से पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। पति के नहर में छलांग लगाने की सूचना जब पत्नी को मिली तो उसने घर पर रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। बताया जा रहा है 38 वर्षीय युवक विपिन पत्नी से बहस होने के बाद बाइक पर निकला था। दादुपुर हेड पर बाइक खड़ी करके उसने नहर में छलांग लगा दी। लोगों ने युवक को छलांग लगाते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। बाइक के नंबर से युवक की पहचान हुई। पति के छलांग लगाने की सूचना घर पहुंची तो पत्नी ने भी जहरीला पदार्थ निकल लिया। परिजन व पड़ोसी विवाहिता को अस्पताल ले गए, जहां उसकी जान तो बच गई लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने गोताखोरों का दल बुलाकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।