Breaking News

चेंबूर में दिन दहाड़े फायरिंग, आरसीएफ पुलिस जांच में जुटी

22 Dec, 2021 703
संवाददाता/ in24 न्यूज़ 
 
 
 
नए साल (new year) के मद्देनजर कोई अप्रिय घटना न घटे, इसलिए मुंबई (mumbai) में पुलिस प्रशासन द्वारा चाक चौबंद बंदोबस्त किये जा रहे हैं. बावजूद इसके असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और वे असामाजिक गतिविधियों को अंजाम दे कर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं. इसी कड़ी में मुंबई के चेंबूर (chembur) स्थित आरसीएफ कॉलोनी के अंतर्गत आने वाले आरएनए पार्क में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक एक बाइक पर सवार 2 अज्ञात लोग आए और उन्होंने रविंद्र गायकवाड नाम के व्यक्ति पर 2 राउंड फायरिंग की, लेकिन जब इस फायरिंग में रविंद्र गायकवाड़ बच गए, तो उन हमलावरों ने गायकवाड़ पर तलवार से भी हमला कर उसकी जान लेने की कोशिश की. मौके पर मची चीख पुकार सुनकर पकड़े जाने के डर से दोनो आरोपी वहां से फरार हो गये. 
 
गनीमत इस बात की रही कि गायकवाड़ को कोई गंभीर चोट नहीं लगी, वे मामूली रूप से ही जख्मी हुए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस हमले की सूचना स्थानीय आरसीएफ पुलिस को दी गयी, मौके पर पहुँच कर पुलिस ने अपनी जांच शुरू की, जांच के दौरान उन्हें घटना स्थल से खाली कारतूस बरामद हुआ. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है. तो वहीं आरसीएफ पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर बालासाहेब अवाटे ने बताया कि फायरिंग और तलवार से हमला करने वाले कथित बदमाशों की तलाश जारी। उनकी गिरफ़्तारी के लिए सीसीटीवी की भी मदद भी ली जा रही है. 

अन्य खबरे