Breaking News

जेल में आरोपी ने की खुदखुशी करने की कोशिश

02 Aug, 2021 757

संवाददाता/in24 न्यूज़
मुंबई की बोरीवली पुलिस स्टेशन के लॉकअप में एक आरोपी ने अपने ही शर्ट को फांसी का फंदा बना लिया. उसने आत्महत्या करने की पूरी तैयारी कर ली, लेकिन लॉक अप के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिस सिपाही की उस पर नजर पड़ी, जिसने बिना समय गवाएं आत्महत्या का प्रयास करने वाले कथित आरोपी को किसी तरह बचा लिया है. कथित आरोपी का नाम अब्दुल शेख बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 26 साल के आसपास है. बोरीवली पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक अब्दुल शेख को चोरी के मामले में 29 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था, जिसे कोर्ट में पेश करने के बाद माननीय न्यायपालिका ने 2 अगस्त तक के लिए पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया. 26 वर्षीय अब्दुल शेख पर दुकान के बाहर से सोना चोरी करने का आरोप लगा है, और इसी मामले में पुलिस उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुटी हुई है. 31 जुलाई तड़के 4 बजे के आसपास अब्दुल लॉक अप के भीतर ही बैरक के ऊपरी सतह पर अपनी शर्ट निकाल कर उसे फांसी का फंदा बना रहा था.  जिस वक्त यह सब कुछ चल रहा था, उस वक्त लॉकअप में कई और भी आरोपी थे, जो गहरी नींद में सो रहे थे. इससे पहले कि अब्दुल फांसी लगाकर आत्महत्या कर पाता, मौके पर गश्त लगा रहे एक पुलिस सिपाही ने अब्दुल को फांसी पर लटकते देखा और उसने तत्काल अपने सहकर्मियों की मदद से उसे नीचे उतारा और कांदीवली के शताब्दी अस्पताल पहुंचाया गया,जहां अब्दुल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. नॉरमल कंडीशन के बाद अब्दुल को अस्पताल से बोरीवली पुलिस स्टेशन लाया गया और उसकी काउंसलिंग करने के बाद उसे समझा-बुझाकर एक बार फिर लॉकअप में डाल दिया है . लेकिन अब्दुल ने जिस तरह से लॉकअप में आत्महत्या का प्रयास किया उसी के चलते उसके खिलाफ पुलिस ने नया मामला भी दर्ज कर लिया है.

अन्य खबरे