पाकिस्तान के लिए जासूसी करनेवाला गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ये सच है कि कई लोग वतन के लिए जान तक दे देते हैं, मगर कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो देश से गद्दारी करके दुश्मनों तक जानकारी साझा करते हैं. राजस्थान पुलिस ने बाड़मेर जिले के एक 40 वर्षीय व्यक्ति को पाकिस्तान में अपने हैंडलर्स को सेना से जुडी सूचना भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार सीमावर्ती बाड़मेर जिले के निवासी मुश्ताक अली को सीआईडी की जयपुर स्पेशल ब्रांच ने खुफिया विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा के निर्देश पर गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कहा कि मुश्ताक अली पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम 1923 की धारा 3 और 3/9 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मिश्रा ने कहा कि आतंकवाद निरोधी दस्ते को जानकारी मिली थी कि व्यक्ति सेना से जुडी जानकारी पहुंचा रहा था, जिसके बाद उस पर एटीएस अधिकारियों द्वारा नजर रखी गई. बाड़मेर में एक एटीएस टीम द्वारा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूछताछ के बाद यह पुष्टि की गई कि अली संबंधित गतिविधियों की जासूसी करने में शामिल था. व्यक्ति को बाद में जयपुर लाकर उससे पूछताछ की गई. जयपुर में पूछताछ के दौरान पता चला कि अली अपने पाकिस्तानी हैंडलिंग अधिकारियों के निर्देश पर अपने मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप और फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से गुप्त जानकारी भेजता था. उन्होंने कहा कि अली के पाकिस्तानी हैंडलर उसे भारतीय सेना के मूवमेंट से संबंधित जानकारी के बदले पैसे देंगे. पुलिस के अनुसार मुश्ताक अली के पिता खांडू खान को 9 अगस्त को बाड़मेर में जाली मुद्रा और नशीले पदार्थों से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस का खुफिया विंग मामले की आगे की जांच कर रहा है ताकि सच सामने आ सके.