पीएम मोदी ने गूगल के पिचाई से की ख़ास बात
संवाददाता/in24 न्यूज़.
गूगल कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और भारतीय मूल के सुंदर पिचाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनेक मुद्दों पर बातचीत की। इसकी जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज सुबह सुंदर पिचाई के साथ एक अत्यंत सफल बातचीत हुई। हमने कई विषयों पर बात की। खासकर भारत के किसानों, युवाओं और उद्यमियों के जीवन को बदलने के लिए प्रौद्योगिकी की शक्ति के लाभ पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने सोमवार को ट्वीट कर बताया कि पिचाई के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के समय में उभर रही नई कार्य संस्कृति के बारे में बात की। हमने उन चुनौतियों पर चर्चा की जो वैश्विक महामारी ने खेल जैसे क्षेत्रों में ला दी है। इसके साथ ही डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में भी बात की। मोदी ने कहा कि इस बातचीत के दौरान शिक्षा, शिक्षण, डिजिटल भुगतान समेत कई क्षेत्रों में गूगल की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बारे में और अधिक जानकारी पाकर उन्हें खुशी हुई। गौरतलब है कि कोरोना संकट के बीच पीएम मोदी और गूगल के सुंदर पिचाई की इस बातचीत के बाद अनेक सकारात्मक उम्मीदों का जन्म हुआ है.