Breaking News

गोवा के IFFI 2026 में 86 देशों की 230 से ज्यादा फिल्मों का जमावड़ा रणवीर सिंह की 'धुरंधर' की होगी खास स्क्रीनिंग

17 Nov, 2026 24

सिनेमा प्रेमियों और फिल्म जगत के लिए गोवा में एक बार फिर दुनिया के सबसे बड़े फिल्म महोत्सवों में से एक सजने जा रहा है। गोवा में 20 से 28 नवंबर 2026 तक 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया का भव्य आयोजन किया जाएगा। 9 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश की बेहतरीन फिल्मों, अलग-अलग संस्कृतियों और कहानियों का शानदार संगम देखने को मिलेगा। इस साल के महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है, जिसका उद्देश्य बिना किसी सीमा के दुनिया भर की कला और कहानियों को एक मंच पर लाना है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के अनुसार, इस बार फिल्म महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की बेहद मजबूत मौजूदगी रहेगी। महोत्सव के दौरान 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों समेत कुल 230 से ज्यादा फिल्में दिखाई जाएंगी। दर्शकों की सुविधा के लिए इन फिल्मों की स्क्रीनिंग गोवा के 6 अलग-अलग स्थानों पर बनाई गई 13 स्क्रीन पर की जाएगी। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन पोलैंड के फिल्मकार पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म 'फादरलैंड' की स्क्रीनिंग के साथ होगा।

इस महोत्सव में भारतीय सिनेमा को समर्पित 'इंडियन पैनोरमा' सेक्शन बेहद खास रहने वाला है, जिसमें 25 फीचर और 20 नॉन-फीचर फिल्मों को शामिल किया गया है। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुचर्चित फिल्म 'धुरंधर' इस सेक्शन का मुख्य आकर्षण रहेगी। इंडियन पैनोरमा सेक्शन की शुरुआत रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' और लद्दाखी नॉन-फीचर फिल्म 'बिकमिंग' से की जाएगी। 'धुरंधर' की विशेष स्क्रीनिंग को लेकर सिनेमा प्रेमियों और प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इस साल 2026 में स्पेन को 'कंट्री ऑफ ऑनर' का दर्जा दिया गया है, जबकि रूस सहयोगी देश के रूप में शामिल हो रहा है। इसके अलावा ब्रिक्स देशों के सिनेमा पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। फिल्मों के साथ-साथ महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 25 नवंबर को 'सेलिब्रेटिंग द जॉय ऑफ सिनेमा' थीम पर एक भव्य परेड निकाली जाएगी, जो एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा से शुरू होकर कला अकादमी तक जाएगी। इसके साथ ही मांडवी नदी के किनारे सांस्कृतिक गतिविधियां और मोर की थीम पर आधारित आकाश कंदील प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

अन्य खबरे