ट्रेडमार्क बना रूपाली चाकणकर का नाम, फोटो और स्टाइल बिना इजाजत इस्तेमाल किया तो होगी सीधी कानूनी कार्रवाई
महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता रूपाली चाकणकर ने अपने व्यक्तित्व के अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपने नाम, तस्वीर, पहचान और सार्वजनिक रूप से खुद को पेश करने के खास अंदाज का 'ट्रेडमार्क' पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करा लिया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए साफ चेतावनी दी है कि अब बिना उनकी पूर्व लिखित या आधिकारिक अनुमति के कोई भी व्यक्ति या संस्था उनके नाम, फोटो या निजी शैली का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
रूपाली चाकणकर ने अपनी पोस्ट में विस्तार से बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति फिल्मों, वीडियो, सोशल मीडिया रील्स, टीजर, प्रचार सामग्री या किसी भी प्रकार के डिजिटल और प्रिंट माध्यम में उनकी पहचान, तस्वीर या अंदाज का व्यावसायिक या निजी फायदे के लिए उपयोग करता है, तो इसे कानूनी अपराध माना जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न केवल आपराधिक और दीवानी मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे, बल्कि ऐसी किसी भी आपत्तिजनक या बिना अनुमति वाली सामग्री को तुरंत जब्त कराने की भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, रूपाली चाकणकर का यह कदम आगामी मराठी फिल्म 'महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स' को लेकर छिड़े विवाद के बीच सामने आया है। यह फिल्म नासिक के चर्चित ढोंगी बाबा अशोक खरात के जीवन और उससे जुड़े विवादों पर आधारित बताई जा रही है। बता दें कि अशोक खरात पर महिलाओं के यौन शोषण, दुष्कर्म और बड़े पैमाने पर वित्तीय घोटालों के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद मार्च 2026 में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और वह तभी से जेल में बंद है।
अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भारी भूचाल आ गया था, क्योंकि कई बड़े नेताओं के साथ उसके संपर्क होने की बातें सामने आई थीं। इसी कड़ी में रूपाली चाकणकर की भी अशोक खरात के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं। इस मामले को लेकर विपक्ष के भारी दबाव और राजनीतिक विवाद के चलते रूपाली चाकणकर को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा तक देना पड़ा था।
अब इसी चर्चित प्रकरण पर निर्देशक स्वरूप सावंत मराठी फिल्म 'महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स' बना रहे हैं, जिसमें अभिनेत्री दीपाली सैयद एक ऐसा किरदार निभा रही हैं जो रूपाली चाकणकर से मिलता-जुलता दिखाई देता है। हाल ही में इस फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से ही रूपाली चाकणकर और अभिनेत्री दीपाली सैयद के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है। जहां एक ओर दीपाली सैयद फिल्म को रिलीज करने पर अड़ी हुई हैं, वहीं फिल्म के निर्देशक स्वरूप सावंत ने सफाई देते हुए कहा है कि यह फिल्म पूरी तरह काल्पनिक है और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाई गई है, इसलिए इसमें किसी व्यक्ति से समानता महज एक संयोग है।