प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को पिटाई के बाद पहनाई गई जूतों की माला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर दौर में इश्क़ करने वालों को ज़माने ने परेशान किया है। अब ताज़ा मामला यूपी के बिजनौर से सामने आया है। बिजनौर जिले में नगीना थाना क्षेत्र के हरगांव चादन में एक युवक को पहले प्रेमिका के परिवार वालों ने अर्धनग्न कर पीटा और फिर गले में जूतों की माला पहनाई। वह छोड़ने की गुहार लगाता रहा, मगर किसी ने उसका विलाप नहीं सुना। उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मोहम्मदपुर देवमल गांव के रहने वाले युवक तरुण का करीब एक साल से हरगांव चादन की रहने वाली एक युवती से प्रेम–प्रसंग चल रहा था। पिछले दो सितंबर को वह अपनी प्रेमिका से मिलने नगीना आया था। जैसे ही लड़की के घरवालों को भनक लगी, तो वे नगीना पहुंच गए। लड़की को युवक के साथ देखकर घरवाले भड़क गए। इसके बाद उन्होंने तरूण को पहले अर्धनग्न कर जमकर पीटा। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। नगीना क्षेत्राधिकारी (सीओ) संग्राम सिंह का कहना है कि पीड़ित युवक की तहरीर पर एक प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें अशोक कुमार, जितेन्द्र, दीपक और उमेश नाम के व्यक्ति को नामजद आरोपी बनाया गया है। आगे की जांच शुरू है।