प्रेमी ने शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो दो बच्चों की मां ने उसपर तेज़ाब फेंका
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रेम में लोग अक्सर जीने मरने की कसमें खाते हैं, मगर वास्तविक जीवन में जब प्रेम में स्वार्थ का स्थान आ जाता है तब ऐसा भी होता है जो कल्पना से परे होता है। केरल के इडुक्की जिले के आदिमाली में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शादी के प्रस्ताव को कथित रूप से ठुकराने पर एक युवक पर तेजाब फेंकने के आरोप में 35 वर्षीय महिला, जो कि दो बच्चों की मां भी है, को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि तिरुवनंतपुरम के अरुण कुमार (28) का राज्य की राजधानी के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। शीबा नाम की इस महिला ने 16 नवंबर को अरुण कुमार के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। उससे उनकी आंखों की रोशनी जाने का खतरा है। खबर के मुताबिक शीबा और अरुण कुमार फेसबुक के माध्यम से मिले थे। बाद में अरुण कुमार को पता चला कि शीबा शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। वह यह रिश्ता खत्म करना चाहता था, लेकिन उसने उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की और पैसे की मांग की। पुलिस ने कहा कि कुमार अपने साले और दोस्त के साथ 16 नवंबर को आदिमाली के पास एक चर्च गए जहां वह शीबा से मिलकर उसे उसके द्वारा मांगी गई राशि देने वाले थे। चर्च परिसर में लगे एक सीसीटीवी का फुटेज आज सामने आया। इसमें दिख रहा है कि शीबा कुमार के पीछे खड़ी है। वह आगे आती है और उसके चेहरे पर तेजाब फेंकती है। इस दौरान उसे भी कुछ मामूली चोटें आईं। पुलिस ने कहा कि कुमार को उस दिन आदिमाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उसे तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कल मामला दर्ज किया गया था। शीबा को आज गिरफ्तार कर लिया गया। जाहिर है उसके ऊपर से स्वार्थी प्रेम का भूत भी भाग गया होगा!