मां के मंदिर जाते ही बेटी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रेम में अक्सर लोग जीने-मरने की कसमें खाते हैं, कई बार वास्तविक जीवन में भी इसका दुष्परिणाम देखने को मिलता है. बता दें कि बिहार के बेगूसराय के गाछी टोला में गुरुवार को एक लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अरविंद कुमार पांडेय की पुत्री राजनंदनी के रूप में की गयी है। बताया जा रहा है राजनंदनी की मां शीतला स्थान पूजा करने गई थी, इसी दौरान राजनंदनी अपने घर में ही फांसी का फंदा बनाकर झूल गई। पूजा कर लौटी मां ने जब अपनी पुत्री को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनंदनी का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बुधवार को इस प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों में बहस हुई थी। इसके बाद वह काफी डिप्रेशन में थी तथा जान देने की बात कर रही थी। माता-पिता ने काफी समझा-बुझाकर भरोसा दिलाया, लेकिन गुरुवार को जब पिता ड्यूटी पर और मां पूजा करने मंदिर गई थी तो उसे मौका मिल गया और घर में ही उसने फांसी लगा ली।