रेप के बाद जिस नाबालिग को खामोश रहने को कहा था अब वो हुई गर्भवती
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन और आपराधिक गतिविधियों के बीच हिमाचल प्रदेश से हैरान कर देनेवाली घटना समने आई है. यहां एक 15 साल की किशोरी से एक शख्स ने बलात्कार किया, इसके बाद उसे मुंह नहीं खोलने की धमकी दी थी। अब किशोरी गर्भवती हो गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक पूरा मामला हिमाचल प्रदेश का है, जहा 15 वर्ष की उस किशोरी के गर्भवती होने का पता चला है, किशोरी से हमीरपुर जिले में करीब दो महीने पहले कथित तौर पर बलात्कार किया गया था। पुलिस ने बताया कि किशोरी से उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बलात्कार किया था। उस शख्स ने किशोरी को खामोश रहने की धमकी दी थी। डर के कारण किशोरी ने यह बात किसी को नहीं बताई, लड़की के गर्भवती होने के बारे में पता तब चला जब एक स्थानीय मेडिकल कालेज में उसकी चिकित्सकीय जांच की गई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने घटना के बारे में अपनी मां को तब बताया जब उसे बेचैनी महसूस हुई। उसकी मां उसे स्थानीय मेडिकल कॉलेज लेकर गई, जहां उसके गर्भवती होने का पता चला। पीड़िता की मां ने पुलिस से की गई शिकायत में कहा है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला उसका पड़ोसी उसकी पुत्री को धमकी देता था कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 506 और पॉक्सो कानून की धारा छह के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गई है.