Breaking News

विकास दुबे की सभी संपत्तियों की जांच में जुटा प्रवर्तन निदेशालय

11 Jul, 2020 975

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कानपुर के हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में ईडी ने कानपुर पुलिस प्रशासन से ब्योरा मांगा है कि विकास और उसके सहयोगियों से पूछताछ में पुलिस को अभी तक क्या-क्या जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक पिछले तीन साल में विकास दुबे ने 15 देशों की यात्रा की थी। संयुक्त अरब अमीरात और थाईलैंड में एक-एक पेंटहाउस भी खरीदा था। इसके बाद हाल में ही लखनऊ में लगभग 20 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदे जाने की बात सामने आई है। साथ ही विकास के परिवार के सदस्यों तथा उसके सहयोगियों के खिलाफ आपराधिक मामलों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी मांगी गई है। ईडी की एक टीम तीन दिन पहले बुधवार को कानपुर पुलिस और अधिकारियों के साथ संपर्क करके औपचारिक तौर पर विकास दुबे से संबंधित एफआईआर सहित कई दस्तावेज लेकर लखनऊ आई थी। सूत्र बताते हैंं कि उन दस्तावेज के आधार बनाकर ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज कर सकती है। अगर विकास दुबे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत कार्रवाई होती है तो उसकी कई अवैध संपत्तियों और यूपी, राजस्थान स्थित उसकी कई अवैध चल-अचल संपत्तियों को भी सीज किया जा सकता है। विकास दुबे के खिलाफ यूपी में 36 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें कई ऐसे भी गंभीर केस हैं जिनको आधार बनाकर ईडी की टीम आराम से पीएमएलए का केस बना सकती है। जाहिर है ईडी की जांच के बाद कई अन्य जानकारियां भी सामने आ सकती हैं.

अन्य खबरे