व्हाट्सऐप पर ख़ुदकुशी स्टेटस डालने वाले की मुंबई पुलिस ने बचाई जान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुंबई पुलिस कितनी चुस्त दुरुस्त है इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि एक शख्स ने अपनी खुदकुशी की पूरी तैयारी कर ली थी और आखिर पर उसने अपने व्हाट्सऐप पर अपने अंतिम शब्द भी लिख दिए थे। लेकिन मुंबई पुलिस के तत्काल कार्रवाई के कारण वह खुदकुशी करने में कामयाब नहीं हो सका और उसकी जान बचा ली गई। दरअसल, हुआ यूं कि स्टेटस पढ़कर उसकी पत्नी ने मुंबई पुलिस से मदद मांगी और पुलिस ने समय पर पहुंचकर उसके पति की जान बचा ली। मुंबई पुलिस ने अब परिवार की फोटो के साथ घटना की पूरी जानकारी इंस्टाग्राम पर शेयर की है। मुंबई पुलिस ने अपनी इस पोस्ट में बताया है कि व्यक्ति ने आर्थिक परेशानियों के चलते खुदकुशी करने का मन लिया था। इसे लेकर उसने व्हाट्सएप पर स्टेटस भी अपडेट कर दिया था। जैसे ही उसकी पत्नी ने यह स्टेटस देखा, उसने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उस व्यक्ति की लोकेशन ट्रैक की और उसे मुंबई के उपनगरीय घाटकोपर रेलवे स्टेशन में खोज लिया। मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले को शेयर करते हुए कहा कि व्यक्ति सुरक्षित है और उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया है। उसकी काउंसलिंग भी की गई। हालांकि व्यक्ति और उसके परिवार की पहचान उजागर नहीं की गई है। मुंबई पुलिस के काम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है क्योंकी समय रहते उसने जो किया है उसे कभी भूला नहीं जा सकता।