शिक्षक ने ली चौथी कक्षा के छात्र की जान
क्राइम डेस्क/in24न्यूज़
शिक्षक को ज्ञान के मंदिर का देवता कहा जाता है, लेकिन यही शिक्षक किसी की जान लेने के लिए भक्षक बन जाए तो इसे आप क्या कहेंगे ? कर्नाटक के गदग जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां सोमवार को हदली गांव के एक स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले एक शिक्षक ने चौथी कक्षा के छात्र को लोहे की रॉड से इस कदर पीटा कि कथित मासूम छात्र बुरी तरह से घायल हो गया. इस पर भी आरोपी शिक्षक का जब जी नहीं भरा तो उसने मासूम छात्र को पहली मंजिल से धक्का दे दिय जिससे बड़े दर्दनाक तरीके से उसकी मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि मृतक मासूम छात्र की माता भी बतौर शिक्षिका उक्त स्कूल में कार्यरत है जिसने पिटाई के दौरान अपने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन सनकी शिक्षक ने उन्हें भी घायल कर दिया. आरोप यह है कि छात्र की लोहे के रॉड से पिटाई करने के बाद सनकी शिक्षक ने उसे खिड़की से नीचे फेंक दिया. आरोपी शिक्षक का नाम मुथप्पा हडगली बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है.