Breaking News

बगावत के बाद चाचा - भतीजे की मुलाकात से गर्म हुआ अटकलों का बाजार

15 Jul, 2023 695
संवाददाता/in24 न्यूज़।    
महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारे में एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से बगावत के बाद पहली बार अजीत पवार ने अपने चाचा शरद पवार से उनके आवास सिल्वर ओक पर मुलाकात की. बताया जा रहा है कि वह शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार से मिलने पहुंचे थे. जिनकी ब्रिज कैंडी अस्पताल में एक सर्जरी हुई थी. राजनीतिक रूप से भले ही अजीत पवार और शरद पवार के बीच दूरियां आ गई हों. लेकिन यह घटना दर्शाती है कि सिल्वर ओक से अजित पवार का रिश्ता अभी भी बरकरार है। वही इस मुलाकात को राजनीतिक गलियारे में जरूर सियासी चश्मे से देखा जा रहा है. लेकिन अजित पवार गुट इसे सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट तक सीमित रखना चाहता है।
     दरअसल अजित पवार शाम 7:00 बजे के आसपास अपने सरकारी निवास देवगिरी से सिल्वर ऑक की ओर रवाना हुए। सिल्वर ओक पहुंचने के बाद अजित पवार ने चाची प्रतिभा पवार से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा और उन्हें आराम करने की सलाह दी. सूत्रों के मुताबिक 2 दिन पहले प्रतिभा पवार अपने आवास में गिर गई थी. इस दौरान उनके हाथ में चोट लग गई थी. शुक्रवार की दोपहर ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई और शाम तक डिस्चार्ज कर दिया गया. एनसीपी नेताओं के बीच वो काकी के नाम से मशहूर हैं. प्रतिभा पवार को पार्टी में अभिभावक के रूप में सम्मान दिया जाता है. लेकिन वह कभी भी राजनीति में सक्रिय नहीं रही। बता दें कि 2 जुलाई को अजीत पवार ने शरद पवार से बगावत कर अपने समर्थन वाले आठ अन्य एनसीपी विधायकों के साथ महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे - फडणवीस सरकार में शामिल हो गए थे. इस बगावत के बाद चाचा भतीजे की यह पहली मुलाकात थी. 

अन्य खबरे