सब्जी विक्रेता की चाकू मारकर हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आपसी विवाद के कारण वाराणसी स्थित जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खी घाट में सोमवार की सुबह एक हमलावर ने चाकू मारकर 45 वर्षीय सब्जी विक्रेता जटा शंकर सरोज की हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपित सूरज को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन विक्रांत वीर के मुताबिक क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्तिथि सामान्य है। मौके पर पुलिस तैनात की गई है।जानकारी के अनुसार नक्खी घाट निवासी सब्जी विक्रेता जटा शंकर और वेल्डिंग का काम करने वाले सूरज का आपस में शनिवार की किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात भर आरोपित विवाद को लेकर कुढ़ता रहा। इस बीच सुबह होने पर आरोपित सूरज ने सब्जी विक्रेता से विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी चल रही थी कि हमलावर ने चाकू से जटा शंकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझते सब्जी विक्रेता जटा शंकर लहूलुहान हो कर गिर पड़ा। इस बीच किसी ने वारदात की सूचना पुलिस को दे दी। वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आनन फानन स्थानीय लोगों की मदद से मंडलीय अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने जटा शंकर को मृत घोषित कर दिया। इसकी खबर मिलते ही सब्जी विक्रेता के परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर डीसीपी विक्रांत वीर, एडीसीपी विनय सिंह, एसीपी नितेश प्रताप सिंह ने वारदात के बारे में जानकारी ली। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।