सांगली जिले में चोरों का आतंक
महाराष्ट्र राज्य में घरफोड़ी, लूट और चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ने लगा है. इसी कड़ी में सांगली जिले में अपराधियों की करतूत पर अंकुश लगा पाने में पुलिस पूरी तरह से सफल नहीं हो पा रही है. तथाकथित चोरों ने तासगांव के एक डॉक्टर के बंगले में घुसकर 25 हजार रुपए की नकदी के साथ तिजोरी में रखे 3 लाख रुपए कीमती सोने और चांदी के आभूषणों को लूट लिया. जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदात से नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है. कथित चोरों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं, पिछले तीन-चार महीनों से जिले में घरफोड़ी की वारदात में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है. इसके अलावा जबरी चोरी, चैन स्नेचिंग और वाहन चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है. जिले के पुलिस अधीक्षक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले चोरों की जांच करने के आदेश दिए, जिसके बाद कुछ चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार तो किया लेकिन बढ़ते चोरी के ग्राफ में कोई विशेष कमी नहीं आयी.