Breaking News

गुजरात निकाय चुनाव में बीजेपी ने किया विरोधियों को पस्त

23 Feb, 2021 1385

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में फिर भगवा लहराया है. अभी तक मिली खबरों के मुताबिक अहमदाबाद में भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। यहां बीजेपी तीन चौथाई बहुमत के करीब है। रुझान अगर नतीजों में बदलते हैं तो बाकी पांच नगर निगमों में भी बीजेपी कांग्रेस को मात देती नजर आ रही है। बीजेपी ने सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर और जामगनगर नगर निगम में कांग्रेस को शिकस्त दे दी है। रुझानों में वह इन पांचों नगर निगमों में काफी आगे चल रही है। रुझानों के मुताबिक अहमदाबाद में भाजपा 65, कांग्रेस 10 और अन्य चार सीटों पर आगे हैं। इसी तरह सूरत में भाजपा 46, कांग्रेस 10 और अन्य 18 सीटों पर आगे हैं। वडोदरा में भाजपा 15 और कांग्रेस 10 सीटों पर आगे हैं। हालांकि आंकड़ों में फेरबदल संभव है। गुजरात में आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है। पार्टी को सूरत नगर निगम के वार्ड नंबर 16 की चारों सीटों और वार्ड नंबर 4 की चारों सीटों पर जीत मिली है। भाजपा ने अहमदाबाद सहित सभी छह नगर निगमों में जीत के जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। शाम को सात बजे अहमदाबाद के खानपुर इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय में विजय सभा का आयोजन किया गया है। इसमें गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। छह बड़े शहरों में नगर निगम चुनाव की भी काउंटिंग हो रही है। यहां कुल 144 वॉर्डों की 576 सीटों के लिए 21 फरवरी को मतदान हुआ था। गौरतलब है कि अहमदाबाद में सबसे कम 38.73 फीसदी वोटिंग हुई थी। वहीं सबसे अधिक 49.86 फीसदी वोट जामनगर में पड़े। इसी तरह, राजकोट में 47.27 फीसदी, भावनगर में 43.66 फीसदी, सूरत में 43.52 फीसदी और वडोदरा में 43.47 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। बीजेपी का पहले भी इन सभी नगर निगमों पर कब्जा था। जाहिर है इस परिणाम से बीजेपी को जोश बढ़ गया है. 

अन्य खबरे