Breaking News

मुंबई लोकल में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद खूनी संघर्ष, तीन यात्रियों पर हमला हालत गंभीर

16 Jul, 2026 195

संवाददाता/in24न्यूज़ 
मुंबई: मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक बेहद चौंकाने वाली और हिंसक वारदात सामने आई है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात सीएसएमटी से अंबरनाथ जाने वाली मध्य रेलवे की सबअर्बन लोकल ट्रेन के लगेज कंपार्टमेंट में सीट पर बैठने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने एक यात्री पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आए लोग समेत कुल तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है। अंबरनाथ की तरफ जा रही लोकल ट्रेन में सफर के दौरान दो यात्रियों के बीच सीट साझा करने को लेकर बहस शुरू हुई थी। डोंबिवली और ठाकुरली स्टेशनों के बीच यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। जैसे ही ट्रेन ठाकुरली रेलवे स्टेशन पर रुकी, हमलावर पक्ष के कुछ और साथी ट्रेन के डिब्बे में चढ़ गए। उन्होंने आते ही विवाद बढ़ा दिया और अचानक अपने पास रखी दरांती निकालकर पीड़ितों पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।


       वहीं कल्याण रेलवे पुलिस की अधिकारी अर्चना दुसाने ने बताया कि इस हिंसक झड़प में राजू वाघे, साहिल खंडारे और प्रितेश कनौजिया गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तुरंत कल्याण के रुक्मिणीबाई सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, दो यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के लोकमान्य तिलक नगर निगम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। रेलवे पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कल्याण रेलवे पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

अन्य खबरे