Breaking News

मुंबई में नाबालिग लड़कियों के अपहरण मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी

10 Dec, 2025 169

मुंबई शहर में महिलाओं, विशेषकर नाबालिग लड़कियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में मुंबई पुलिस आयुक्तालय के रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में नाबालिग लड़कियों के अपहरण के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर महीने में कुल 136 मामले दर्ज हुए, जबकि सितंबर में यह संख्या 127 थी। वहीं, 102 मामलों में गिरफ्तारी की गई, जो लगभग 94 प्रतिशत की डिटेक्शन दर बताती है। पुलिस की कार्यवाही तेज़ होने के बावजूद मामलों में हो रही बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है।

वर्ष 2025 के जनवरी से अक्टूबर तक नाबालिग लड़कियों के अपहरण के 1187 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 1118 मामलों में पुलिस ने गिरफ्तारियां की, जो कुल मिलाकर 94 प्रतिशत की प्रभावी कार्रवाई को दर्शाता है। दूसरी ओर, पिछले वर्ष इसी अवधि में 917 गिरफ्तारी दर्ज की गई थीं, जिससे स्पष्ट होता है कि पुलिस की कार्रवाई में सुधार हुआ है, लेकिन अपराध के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश अपहरण के मामले सोशल मीडिया के दुरुपयोग, प्रेम-प्रसंग, तथा मानव तस्करी गिरोहों से जुड़े होते हैं। कई मामलों में आरोपित पीड़ित से परिचित निकले हैं, जिससे ऐसे अपराधों की रोकथाम और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

महिला सुरक्षा संगठनों ने इस बढ़ते रुझान पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन से सख्त निगरानी, साइबर मॉनिटरिंग, तथा स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान बढ़ाने की मांग की है। बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध घटना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
 

अन्य खबरे