Breaking News

टीईटी पेपर लीक मामले में तीन गिरफ्तार, 28 जून को होने वाली परीक्षा स्थगित

27 Jun, 2026 78

नीट पेपर लीक विवाद की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब महाराष्ट्र में एक और बड़ी परीक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मामला टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी टीईटी का है। परीक्षा से करीब 24 घंटे पहले ही कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक होने की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। इस फैसले से करीब चार लाख 28 हजार अभ्यर्थियों का भविष्य फिलहाल अधर में लटक गया है।

 
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद, पुणे की ओर से आयोजित होने वाली टीईटी-2026 परीक्षा रविवार 28 जून को राज्य के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। लेकिन परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कुछ प्रश्न वायरल हुए, जांच में पाया गया कि वायरल किए गए कुछ सवाल वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते हैं, इसके बाद परिषद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा को अगले आदेश तक टालने का फैसला लिया।
 
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब पेपर लीक के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले बाहर कैसे पहुंचा। शुरुआती जांच में कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे और सख्त कार्रवाई हो सकती है।
 
परिषद का कहना है परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए जब तक पूरे मामले की विस्तृत जांच पूरी नहीं हो जाती। तब तक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी जानकारी महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
खास बात यह है कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का दावा किया गया था। इसके बावजूद टीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। परीक्षा स्थगित होने से हजारों उम्मीदवारों की तैयारी, यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर सीधा असर पड़ा है।
 
पेपर लीक की घटना के बाद, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को हर हाल में पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए गहन जांच आवश्यक है। परिषद ने यह भी बताया है कि परीक्षा की नई तिथि और अन्य जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।
 

अन्य खबरे