युवती का निजी वीडियो दूसरी गर्लफ्रेंड से शेयर करने पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़
मुंबई के बांद्रा इलाके से एक चौंका देने वाला मानहानि का मामला सामने आया है, जहां एक युवती को उसके पूर्व प्रेमी द्वारा बदनाम किए जाने का आरोप है। आरोपी युवक शिवा राजेन्द्र बडोला के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम जल्द ही यूपी भेजी जाएगी। पीड़िता, एक 27 वर्ष की महिला है और फिलहाल मीडिया कंसल्टिंग क्षेत्र में कार्यरत है, वह खार में रहती है। उसने पुलिस को दिए गए बयान में कहा कि जनवरी 2024 में गोवा की यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात शिवा से हुई थी। दोनों की दोस्ती हुई और फिर उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। 30 दिसंबर 2024 को शिवा मुंबई आया और पीड़िता के बांद्रा स्थित फ्लैट में ठहरा। इस दौरान दोनों के बीच सहमति से शारीरिक संबंध बने। हालांकि, आरोप है कि शिवा ने उनकी निजी पलों की तस्वीरें और वीडियो आपसी सहमति से अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए।कुछ दिनों बाद दोनों के बीच छोटे-मोटे विवाद होने लगे। इसी दौरान युवती को पता चला कि शिवा किसी और लड़की के साथ भी प्रेम संबंध में है। जब उसने शिवा से इस बारे में पूछा, तो दोनों में झगड़ा हुआ और शिवा ने कथित रूप से उसकी पिटाई भी की। इसके बाद पीड़िता ने उससे रिश्ता तोड़ दिया और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। 9 अप्रैल को पीड़िता की एक दोस्त ने उसे बताया कि शिवा एक डेटिंग ऐप पर उससे बातचीत कर रहा है और उसने उसे पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भेजे हैं। यह सुनकर पीड़िता को गहरा मानसिक आघात पहुंचा। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश कर रही है।