Breaking News

एमसीडी सदन में जमकर चले जूते-चप्पल

25 Feb, 2023 846

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच दिल्ली में लड़ाई रुकने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी और भाजपा पार्षदों में एक बार फिर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से जूते-चप्पल, लात-घूंसे चले और इस काम में महिला पार्षद भी पीछे नहीं रहीं। दरअसल, काउंटिंग के दौरान एक वोट को मेयर ने अनवैलिड घोषित कर दिया था। इसके बाद मेयर ने रीकाउंटिंग का आदेश दिया। इसी आदेश के बाद हंगामा शुरू हो गया। पार्षदों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट में कई पार्षद घायल हो गए। एक पार्षद की हालत खराब हो गई। सूत्रों की मानें तो स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में दोनों पार्टी के तीन-तीन सदस्य जीते थे। इन चुने हुए सदस्यों की लिस्ट पर मेयर शैली ओबेरॉय ने साइन करने से इनकार कर दिया।  उन्होंने एक वोट को अनवैलिड बताकर रिकॉउंटिंग का आदेश दिया। रीकाउंटिंग के फैसले पर निगम सचिव ने साइन करने से मना कर दिया। इस पर मेयर और निगम सचिव के बीच तल्ख बातचीत हो गई। दोनों के बीच हुई तनातनी के दौरान भाजपा पार्षदों ने अनवैलिड वोट को वैलिड करने की मांग की, तो मेयर ने कहा कि अनवैलिड वोट को मान्य नहीं कर सकते। इस पर भाजपा पार्षद टेबलों पर चढक़र मेयर की ओर बढऩे लगे। उन्हें रोकने के लिए आप के पार्षद आगे बढ़े, तो दोनों पार्टियों के पार्षदों में मारपीट शुरू हो गई। उधर आम आदमी पार्टी ने भाजपा के पार्षदों पर मेयर शैली ओबेरॉय पर हमला करने का आरोप लगाया है। इससे पहले शुक्रवार सुबह जैसे ही मतदान शुरू हुआ, बवाना से आप के पार्षद पवन सहरावत भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि अभी और पार्षद भाजपा में शामिल होंगे। वहीं आप और बीजेपी के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

अन्य खबरे