चार बच्चों की डूबने से हुई मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक बड़ी बुरी खबर राजस्थान से आई है। जोधपुर शहर के सूरसागर क्षेत्र में खान में भरे पानी में नहाते समय चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार क्षेत्र के कालीबेरी में आज सुबह इन बच्चों के शव खान में भरे पानी से बाहर निकाले गए। मृतक बच्चों की पहचान पाकिस्तान विस्थापित बस्ती के टीकम, उसका भाई गोपाल और युवराज तथा उसके भाई पूनमचंद के रूप में की गई है। ये बच्चे 5 से 12 वर्ष के बीच की उम्र के बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक़ इनके परिजन शादी समारोह में शरीक होने के लिए जोधपुर से बाहर गए थे और सुबह लौटने पर उन्हें बच्चे नजर नहीं आने पर आस पास उन्हें तलाशने के दौरान उनके कपड़े एक खान के पास दिखने पर पुलिस को सूचना दी गई और उनके डूबने का पता चला। बाद में पुलिस ने गोताखोर की मदद से चारों बच्चों के शव बाहर निकाले। इस हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया और कहा कि जोधपुर में सूरसागर के कालीबेरी क्षेत्र में खान में भरे पानी में नहाते समय डूबने से चार बालकों की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री गहलोत ने कहा कि मेरी गहरी संवेदनाएं बच्चों के माता-पिता एवं परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में सम्बल प्रदान करें। बता दें कि मृतकों के परिजनों में मातम फ़ैल गया है।