एयर इंडिया की फ्लाइट में क्रू मेंबर्स से बदतमीजी करने वाली महिला यात्री को कैप्टन ने उतारा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अगर कोई फ्लाइट में बदतमीजी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। कुछ ऐसा ही तमाशा एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन फ्लाइट में देखने को मिला। बिजनेस क्लास में एक महिला यात्री द्वारा क्रू मेंबर्स से बदतमीजी करने के बाद कैप्टन ने महिला यात्री को फ्लाइट से उतार दिया। महिला यात्री किसी कंपनी की एमडी बताई जाती हैं। उक्त यात्री क्रू के सदस्यों से अशिष्ट तरीके से बात कर रहीं थीं। जब यह व्यवहार जारी रहा तो केबिन क्रू ने कैप्टन को सूचित किया। बिजनेस क्लास के कुछ अन्य यात्रियों ने भी महिला के व्यवहार को अशिष्ट बताया। सूत्रों के मुताबिक, लगभग नौ घंटे की लंबी उड़ान होने के कारण, कैप्टन ने संभावित परेशानी से बचने के लिए उक्त यात्री के साथ उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और उन्हें नीचे उतार दिया गया। इससे पहले एयर इंडिया की ही दिल्ली लंदन वाली फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर उत्पात मचाया था। यहां तक कि इस यात्री ने केबिन क्रू के साथ मारपीट भी की थी. जिसके बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा था। जाहिर है फ्लाइट में अनुशासनहीनता से हर यात्री को तकलीफ होती है।