Breaking News

बैंक धोखाधड़ी मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल गिरफ्तार

02 Sep, 2023 822

संवाददाता/in24 न्यूज़.
जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को धन शोधन निरोधक अधिनियम के तहत शुक्रवार रात को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने  गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि गोयल पर केनरा बैंक के साथ 538 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करके अपराध के धन का शोधन करने आरोप है। गोयल को ईडी के अधिकारियों ने मामले की जांच के सिलसिले में यहां अपने आफिस में बुलाया था। गोयल से लम्बी पूछताछ के बाद रात में उन्हें धन शोधन निवारक अधिनियम के प्रावधानों के तहत हिरासत में ले लिया गया। वित्त मंत्रालय के तहत आने वाली एजेंसी ईडी ने जांच के सिलसिले में गोयल और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर इसी साल 19 जुलाई को तलाशी ली थी। इस कार्रवाई में अधिकारियों की टीमों ने मुंबई और कुछ अन्य स्थानों पर छापे डाले थे। ईडी ने यह मामला केन्द्रीय जांच ब्यूरो द्वारा जेट एयरवेज , उसके प्रर्वतक नरेश गोयल उनकी पत्नी तथा जेट एयरवेज के कुछ अधिकारियों के खिलाफ केनरा बैंक से धोखाधड़ी के मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद उससे जुड़े धन के शोधन के पहलु की जांच हाथ में ली है। जेट एयरवेज की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण उसका परिचालन बंद करना पड़ा था। कैनरा बैंक ने शिकायत की थी कि जेट एयरवेज ने उससे कर्ज लेकर हेराफेरी की और उसका बड़ा हिस्सा नहीं चुकाया। बैंक ने जेट एयरवेज के खाते को जुलाई 2021 में एयरलाइन के ऋण खाते को बैंक के साथ धोखाधड़ी घोषित कर दिया था। बता दें कि ईडी की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

अन्य खबरे