इंदौर में 3 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 7 लोगों की हुई दर्दनाक मौत
संवाददाता/in24news
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार देर रात एक इमारत में लगी भीषण आग की चपेट में आने से सात लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। ये दर्दनाक हादसा इंदौर की स्वर्ण बाग कॉलोनी में हुआ। मरने वालों में छह पुरुष और एक महिला बताये गए हैं। हादसा रात 3 बजे के आस-पास हुआ। सूचना मिलते ही आला अधिकारी व दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए। हालांकि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया था, लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों और घायलों को एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है।मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर आग की घटना में मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। सीएम ने घटना की जांच के आदेश भी दिए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए।