बीबीसी के प्रसारण पर बैन नहीं लग सकता : सुप्रीम कोर्ट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में बीबीसी (BBC) की प्रतिबंधित डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ (India: The Modi Question) पर लगे बैन को लेकर सुनवाई हुई। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि सेंसरशिप नहीं लगा सकते। भारत में बीबीसी के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाए जाने की मांग वाली अर्जी को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि इस तरह की मांग उठाना पूरी तरह से गलत और अतार्किक है। बेंच के सामने पेश अर्जी में कहा गया था कि बीबीसी और बीबीसी इंडिया के देश में प्रसारण पर रोक लगाई जाए। याचिकाकर्ता का कहना था कि बीबीसी ने ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ जैसी डॉक्युमेंट्री तैयार की है, जो अशांति पैदा करने वाली है। ऐसे में बीबीसी के प्रसारण पर ही रोक लग जानी चाहिए। इस मामले में जस्टिस खन्ना ने कहा कि आप इस पर बहस भी कैसे कर सकते हैं कि यह पूरी तरह से गलत है। साथ ही सवाल पूछते हुए कहा कि आप अदालत से बीबीसी पर प्रतिबंध लगाने की मांग कैसे कर सकते हैं? बता दें कि विपक्ष ने इस डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ को लेकर लगातार सरकार पर हमला जारी रखा है।