एक दिन में आए कोरोना के नए 64552 मामले
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना के कहर ने लोगों को अपनी चपेट में लेने का सिलसिला जारी रखा है. अगर बात एक दिन की की जाये तो महज 24 घंटे में देश के भीतर 64 हजार 552 नए मरीज सामने आए. इस दौरान 1,007 लोगों ने अपनी जान गंवाई है. इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या ने 24 लाख के आंकड़े को पार कर लिया है. अब देश में कुल मरीजों की संख्या 24 लाख 61 हजार 190 हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अभी देश में कोरोना के 6 लाख 61 हजार 595 एक्टिव केस हैं. वहीं अब तक कुल 48 हजार 40 मरीज कोरोना वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि 17 लाख 51 हजार 555 लोग इस बीमारी से ठीक होकर घर वापस लौट चुके हैं. भारत कुल मौतों के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद अब तीसरे नंबर पर है. अब तक अमेरिका में कुल एक लाख 70 हजार 415 लोग तथा ब्राजील में कुल एक लाख पांच हजार 564 लोग कोरोना की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं. पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 11,813 नए कोरोना के मामले सामने आए. इसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 5 लाखा 60 हजार 126 हो गई है. राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 413 और मरीजों की मौत हुई. इससे अब राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 19,063 हो गई है. महाराष्ट्र में अब तक कोविड-19 के 3 लाख 90 हजार 948 मरीज ठीक हो चुके हैं. महाराष्ट्र में अगस्त महीने तक के लिए लॉकडाउन को बरकरार रखा गया है.