Breaking News

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से 7 लोगों की मौत

28 Jul, 2021 821

संवाददाता/in24 न्यूज़। 

इन दिनों देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ की स्थिति बन गई है और कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से लगभग 40 लोग लापता हो गए हैं, जबकि अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार, पांच से आठ घरों को और एक राशन डिपो को नुकसान पहुंचा है।  हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय सेना ने किश्तवाड़ में बचाव अभियान के लिए कैप्टन विवेक चौहान के नेतृत्व में 22 सदस्यीय दल भेजा है।इसके साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से भी मदद ली जा रही है।  भारी बारिश की वजह से नेटवर्क की समस्या के कारण लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।  पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।  राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हो चुका है।  किश्तवाड़ के जिलाधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि बचाव अभियान के लिए सेना और पुलिस की एक टीम को इलाके में भेजा गया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी कि आर्मी और एसडीआरएफ की मदद से बचाव कार्य जारी है।30-40 लोग अब भी लापता हैं। घायलों को एयरलिफ्ट करने की जरूरत पड़ने पर आईएएफ से भी संपर्क साधा गया है।  ऐसे मामले में नौसेना से भी मदद ली जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि किश्तवाड़ में बादल फटने के संबंध में मैंने जम्मू-कश्मीर के एलजी  और डीजीपी  से बात की है. SDRF, सेना और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगा हुआ है। NDRF भी वहां पहुंच रही है।  अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है।  शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ l वहीं, जम्मू कश्मीर के एलजी ने इस घटना पर संवेदना प्रकट की है और लगातार स्थिति की निगरानी करने की बात कही गई है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। किश्तवाड़ शहर जम्मू से लगभग 200 किमी दूर है, जबकि दच्छन किश्तवाड़ जिले में एक दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्र है।

अन्य खबरे