शिष्या को बेहोश कर योग गुरु ने किया रेप
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कलयुग में कुछ लोगों ने गुरु और शिष्य के रिश्ते को दागदार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. नोएडा में थाना सेक्टर 39 पुलिस ने एक युवती से कथित तौर पर बलात्कार करने, तथा उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में एक व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यूट्यूबर है। वह यूट्यूब पर लोगों को फिटनेस के गुर सिखाता है। पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) बृन्दा शुक्ला ने बताया कि सेक्टर 76 की एक सोसाइटी में रहने वाली युवती ने 27 अक्टूबर को थाना सेक्टर 39 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि राजीव कुमार उर्फ राजवीर ने उससे दोस्ती की फिर उसे सेक्टर 43 स्थित एक मकान में बुलाया और वहां पर उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला कर पिला दिया। उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि जब वह बेहोश हो गई तो उसने उसके साथ बलात्कार किया और घटना का वीडियो भी बना लिया। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी उसे ब्लैकमेल करके 13 लाख से ज्यादा रुपए ले चुका है,और बाद में उसने तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट कर दी। डीसीपी ने बताया कि घटना की जांच कर रही थाना सेक्टर 39 पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी यूट्यूबर है। वह यूट्यूब पर लोगों को फिटनेस के गुर सिखाता है और उनकी दोस्ती यूट्यूब के जरिए ही हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि आज के दौर में सोशल नेटवर्किंग के ज़रिए की गई दोस्ती पर आंखें बंद करके भरोसा खतरनाक हो सकता है.