जम्मू-कश्मीर में लश्कर का आतंकवादी गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने शोपियां के मालडेरा में आतंकावादी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान बिलाल अहमद डार के रूप में हुई है। पुलिस ने यहां जारी एक बयान में यह खबर दी है। उसने कहा कि ड्रैगड ज़ैनपोरा में शोपियां पुलिस, 44 राष्ट्रीय राइफल्स और 178 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल बीएन ने एक औचक चेक प्वाइंट बनाई थी। तलाशी के दौरान, एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। चेक प्वाइंट को देखते ही चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। सतर्क बलों ने हालांकि उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि वाहन की तलाशी के दौरान एक एके राइफल, एक मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया। उसने कहा कि वाहन के चालक बिलाल अहमद डार को गिरफ्तार कर लिया गया है। संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।