Breaking News

दिल्ली और मुंबई में एक दिन में कोरोना के दोगुने हुए मामले

30 Dec, 2021 821

संवाददाता/in24 न्यूज़।
देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना का ख़ौफ़ 24 घंटे में डबल आंकड़े तक पहुँच गया है। कोरोना वायरस का खतरा एक बार फिर से बढ़ता जा रहा है। दिल्ली और मुंबई में हालात सबसे ज्यादा खराब होते जा रहे हैं। यहां एक दिन में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर दुगुनी हो गई है। इसी के साथ इन शहरों में कोरोना की तीसरी लहर का असर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को आए आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 923 मामले सामने आए है। दिल्ली में अचानक संक्रमितों का बढ़ना कोरोना की तीसरी लहर के जल्द आने की संभावना को और तेज कर रहा है। वहीं मुंबई में एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हो गया है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, यहां बीते 24 घंटे में कोविड-19 के कुल 2510 मामले सामने आए हैं, जो एक डराने वाला आंकड़ा है। गौरतलब है कि देश के दो बड़े शहरों में कोरोना के मामलों का इस गति से बढ़ना निश्चिततौर पर डराने वाला है। क्योंकि मंगलवार को मायानगरी यानी मुंबई में कोरोना से 1377 लोग संक्रमित हुए थे जबकि आज ये आंकड़ा सीधे  2510 पहुंच गया है। वहीं महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 3,900 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 20 रोगियों की मौत भी हुई है। संक्रमण के नये मामलों में कोरोना वायरस के ओमीक्रॉन वेरिएंट के 85 मामले भी शामिल हैं। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में बीते 24 घंटे में 1,306 रोगी ठीक हुए, जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 65,06,137 हो गई है। महाराष्ट्र में संक्रमण से ठीक होने की दर 97.61 प्रतिशत है। बता दें कि कोरोना के खतरे के कारण नए साल पर जश्न मनाने की मनाही है।

अन्य खबरे