Breaking News

पहली बार मूक बधिर वकील ने सुप्रीम कोर्ट में लड़ा केस

26 Sep, 2023 448

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में पहली बार एक मूक-बधिर वकील सारा सनी ने सुप्रीम कोर्ट में 22 सितंबर को केस की पैरवी की। सीजेआई की अध्यक्षता वाली बैंच ने वर्चुअल माध्यम से मामले की सुनवाई की। मामले में एडवोकेट सारा सनी के इंटरप्रिटर सौरभ रॉय चौधरी थे, जिन्होंने सारा के इशारों को समझकर कोर्ट के सामने उनके तर्क पेश किए। पहले कोर्ट के कंट्रोल रूम ने सारा के इंटरप्रेटर सौरभ को पूरी सुनवाई के दौरान अपना वीडियो ऑन रखने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन जिस तेजी से वे सारा के इशारों को समझकर उसे कोर्ट को बता रहे थे, उससे जाहिर ही नहीं हो रहा था कि सारा अपनी बात इशारों में कह रही हैं। ऐसे में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता सहित सुनवाई के लिए वर्चुअली जुड़े सभी लोगों को सौरभ को देखने की जिज्ञासा हुई। इसके बाद कोर्ट ने सौरभ को भी वीडियो ऑन करने की इजाजत दे दी। सुनवाई खत्म होने के बाद सभी ने सौरभ के काम की तारीफ भी की। मामले पर एडवोकेट सारा ने मीडिया से बात करते हुए सौरभ और सीजेआई की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीजेआई खुले विचारों वाले शख्स हैं, उनकी वजह से दिव्यांगों के लिए नए मौके पैदा हुए हैं। मामले की सुनवाई के लिए मैं वहां नहीं थी। इसलिए मेरी सीनियर संचिता ने केस की सुनवाई वर्चुअली करने की व्यवस्था की। वह साबित करना चाहती थीं कि दिव्यांग लोग भी किसी से पीछे नहीं हैं। बता दें कि इस तरह की सुनवाई ने अन्य दिव्यांगों में नई उम्मीद जगाने का काम किया है।  

अन्य खबरे