Breaking News

पीएम मोदी ने जारी किए एक, दो, पांच, दस और 20 रुपए के खास सिक्के

06 Jun, 2022 635

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नया तोहफा दिया है। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित एक, दो, पांच, 10 और 20 रुपयों के नए सिक्के लॉन्च किए। सिक्कों की इस विशेष सीरीज की पहचान नेत्रहीन लोग भी आसानी से पहचान कर सकेंगे। ये सिक्के आजादी का अमृत महोत्सव को समर्पित किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि ये सिक्के लगातार लोगों को अमृत काल के लक्ष्यों की याद दिलाएंगे और उन्हें राष्ट्र के विकास में योगदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। पीएम मोदी  ने इस कार्यक्रम में उपस्थित वित्त और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि आप सभी इस विरासत का हिस्सा हैं। देश के आम जन के जीवन को आसान बनाना हो, या देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करना हो, बीते 75 वर्षों में अनेक साथियों ने इसमें बहुत योगदान दिया है। बीते वर्षों में वित्त मंत्रालय और कॉरपोरेट मंत्रालय ने अपने कार्यों के द्वारा, सही समय पर सही निर्णयों के द्वारा अपनी एक विरासत बनाई है, एक बेहतरीन सफर तय किया है। वित्त और कार्पोरेट कार्य मंत्रालय 6 से 11 जून तक ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आइकॉनिक समारोह आयोजित करेगा। इस दौरान कार्पोरेट कार्य मंत्रालय और वित्त मंत्रालय का प्रत्येक विभाग अपने समृद्ध इतिहास और विरासत के साथ-साथ आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तत्परता का प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर पीएम मोदी ने क्रेडिट लिंक्ड सरकारी योजनाओं के लिए ‘जन समर्थ पोर्टल’ शुरू किया। यह पोर्टल अलग-अलग योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। यह अपने आप में पहला ऐसा पोर्टल होगा जो लाभार्थियों को ऋणदाताओं से जोड़ेगा। बता दें कि पीएम मोदी के इस विषेश तोहफे से लोग भलीभांति लाभ ले सकेंगे।

अन्य खबरे