Breaking News

भारत में एक दिन के कोरोना वैक्सीन का आंकड़ा पहुंचा एक करोड़

28 Aug, 2021 720

संवाददाता/in24 न्यूज़ 
कोरोना के खिलाफ जंग अभी भी जारी है और ऐसे में  कोरोना के खिलाफ लड़ते हुए देश ने  रेकॉर्ड बनाया है। कल देशभर में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया। ये एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा टीकाकरण का रिकॉर्ड बना है। सबसे ज्यादा टीकाकरण उत्तर प्रदेश में हुआ जहां 28 लाख 62 हजार लोगों को कल वैक्सीन लगी।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि आज नया रिकॉर्ड हुआ। एक करोड़ का आंकड़ा पार करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो लोग टीके लगवा रहे हैं और जो इस टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं उन्हें बधाइयां। यहां जानना जरूरी है कि अब तक देश में कभी भी एक दिन में एक करोड़ वैक्सीन नहीं लगी थी। भारत में भले ही टीकाकरण की शुरुआत धीमी रही, मगर अब इस बढ़ती रफ्तार के साथ सरकार ने बता दिया है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ने वाली। एक दिन में 1 करोड़ से अधिक टीके लगने की इस उपलब्धि पर भारत को चारों ओर से सराहना मिल रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ की टॉप वैज्ञानिक डॉ सौम्या स्वामीनाथन ने 1 करोड़ वैक्सीन लगाने की उपलब्धि हासिल करने की सराहना की और भारत को बधाई दी। डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने औसतन 50 फीसदी व्यस्क लोगों को टीका लगा दिया है। अब तक देश में कोविड-19 रोधी टीकों की 62,17,06,882 से अधिक खुराक दी जा चुकी है और कल एक करोड़ लोगों को वैक्सीन लगी। इस टीकाकरण अभियान में शामिल हजारों कर्मियों को बधाई। पब्लिक हेल्थ और व्यक्तिगत निवारक उपायों के साथ-साथ टीकाकरण सभी की रक्षा करेगा। वहीं, भारत में टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह के प्रमुख डॉ एनके अरोड़ा ने शुक्रवार को एक ही दिन में एक करोड़ लोगों को टीका लगाए जाने पर कहा कि यह भारतीय स्वास्थ्य प्रणाली के लिए गर्व की बात है। डॉ. अरोड़ा ने यह भी कहा कि देश को एक ही दिन में 1.25 करोड़ का टीकाकरण जल्द होने की उम्मीद है। इस साल के अंत तक पूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को 31 दिसंबर तक रोजाना 1 करोड़ टीके देने होंगे।

अन्य खबरे