Breaking News

रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन के दिसंबर में भारत आने की संभावना

13 Nov, 2021 667

संवाददाता/in24 न्यूज़।
अगले महीने रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के भारत आने की संभावना है। अफगानिस्तान में दो दशकों बाद आए तालिबान शासन ने दुनिया के शीर्ष देशों को खेमेबंदी पर मजबूर कर दिया है। यह अलग बात है कि भारत तालिबान के प्रति अलग नजरिया रखने वाले रूस और अमेरिका नीत दोनों ही खेमों में है। हाल ही में भारत ने तालिबान पर दस देशों के साथ अहम बैठक की थी। अब रूस के साथ तालिबान और चीन के खिलाफ भारत की खेमेबंदी को एक और पुख्ता आधार अगले महीने मिलने जा रहा है। पुतिन के दिसंबर के पहले हफ्ते में भारत दौरे पर आने की संभावना है। इस दौरे के दौरान भारत-रूस के बीच कई अहम समझौतों पर बात होगी। बता दें कि अमेरिकी प्रशासन के लिए फांस बनी रूस निर्मित एयर डिफेंस सिस्‍टम एस-400 (एस-400) की पहली खेप भी अगले महीने ही भारत पहुंचने वाली है. जानकारी के मुताबिक भारत-रूस के बीच सालाना शिखर सम्मेलन की संभावित तारीख 6 दिसंबर है। कोरोना महामारी के बीच रूसी राष्‍ट्रपति की साल 2021 में यह दूसरी विदेश यात्रा है। भारत और रूस के बीच हर साल होने वाले इस शिखर सम्मेलन में पुतिन आखिरी बार 2008 में आए थे। उस दौरान ही एस-400 डील पर दोनों देश सहमत हुए थे। अगले ही साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्लादिवोस्तोक का दौरा किया था। पीएम मोदी के रूसी दौरे के समय भारत ने उस वक्त पूर्वी रूस के विकास में भारतीय बिजनेस भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक बिलियन डॉलर के सॉफ्ट क्रेडिट लाइन की घोषणा की थी। सामरिक जानकारों के मुताबिक दिसंबर में रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे के समय भी एस-400 पर और विस्तार से बातचीत होने की उम्मीद है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान रूस ने भारत की काफी मदद की थी। रूसी वैक्सीन स्पूतनिक का भारत में बड़े पैमाने पर उत्‍पादन किया जा रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच होने वाले शिखर सम्‍मेलन में कोरोना पर भी बातचीत की संभावना है। इसके साथ अफगानिस्‍तान के मामले पर भी दोनों देशों के बीच बातचीत हो सकती है। गौरतलब है कि अफगानिस्तान के मसले पर दोनों देशों के एनएसए ने बातचीत की थी। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से रूसी एनएसए निकोलाई पी. पत्रुशेव दो बार भारत का दौरा कर चुके हैं। रूस पिछले काफी समय से भारत में अपने रक्षा उपकरण तैयार कर रहा है। इसके साथ ही फ्रिगेट, असॉल्ट राइफल एके-203 का निर्माण भी भारत में किए जाने की तैयारी है। यानो पुतिन के भारत आने से दोनों देशों के रिश्ते में एक नई ऊर्जा देखने को मिल सकती है।

अन्य खबरे