Breaking News

शिंदे गुट के 15 विधायकों की सुरक्षा को केंद्र सरकार ने लिया वापस

15 Jul, 2022 600

संवाददाता/in24 न्यूज़.
केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में शिंदे गुट के 15 विधायकों की Y+ सुरक्षा को वापस ले लिया है. गृह मंत्रालय सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है. इन 15 विधायकों को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 26 जून को Y+ सुरक्षा मुहैया कराई थी. दरअसल, जिन विधायकों को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली थी, वे उद्धव ठाकरे गुट से बगावत कर एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए थे. ये बागी विधायक पहले सूरत और फिर गुवाहाटी शिफ्ट हो गए थे. 15 विधायकों के उद्धव गुट से बगावत और गुवाहाटी में डेरा जमा लेने के बाद उनके घर और दफ्तर में शिवसैनिकों ने तोड़फोड़ की थी. इसके बाद बागी विधायकों ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी. इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से बागी विधायकों और उनके परिवार को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी. ये भी कहा गया था कि IB की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर विधायकों को सुरक्षा दी गई है. बता दें कि इन विधायकों में रमेश बोर्नारे, मंगेश कुडलकर, संजय शिरसात, लताबाई सोनवणे, प्रकाश सुर्वे, सदानंद सरनवंकर, योगेश दादा कदम, प्रताप सरनाइक, यामिनी जाधव, प्रदीप जायसवाल, संजय राठौड, दादाजी भुसे, दिलीप लांडे, बालाजी कल्याणर और संदीपन भुमरे शामिल हैं. गौरतलब है कि ये सुरक्षा शिव सेना के 15 MLA को उस दौरान दी गई थी उस समय गुवाहाटी में मौजूद शिवसेना के बागी विधायकों ने महाराष्ट्र में मौजूद अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी. बागी विधायकों का आरोप था कि उनके परिवार की सुरक्षा को वापस ले लिया गया है. यही वजह थी कि गृह मंत्रालय ने शिवसेना के 15 विधायकों की सेंट्रल सेक्युरिटी दी थी, जिसमें CRPF के जवान उनकी सुरक्षा कर रहे थे. केंद्र सरकार केंद्रीय स्तर पर सुरक्षा संभालती है. प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जैसे सरकारी पदों पर तैनात बड़े अफसरों को केंद्र सरकार सुरक्षा मुहैया कराती है. इनके अलावा केंद्र सरकार उन लोगों को भी सुरक्षा प्रदान करवाती है, जिनकी जान को खतरा होता है. इसमें समाज में ऊंचा रुतबा रखने वाले लोग होते हैं. केंद्र सरकार ने सुरक्षा के लिए पांच कैटेगरी बना रखी है. इसमें X, Y, Y+, Z और Z+ शामिल है. खतरे के हिसाब से व्यक्ति को सुरक्षा मिलती है. बता दें कि Y कैटेगरी में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं. इसमें एक या दो कमांडो और दो पीएसओ भी शामिल होते हैं. वहीं, Y+ कैटेगरी में 11 सुरक्षाकर्मियों के अलावा एस्कॉर्ट वाहन भी रहता है. एक गार्ड कमांडर और चार गार्ड आवास पर भी तैनात होते हैं. बता दें कि महाराष्ट्र में शिंदे सरकार ने शपथ लेने के बाद से ही अपणु मौजूदगी का एहसास करवा दिया था.

अन्य खबरे