सीबीएसई परीक्षा के फेक डेटशीट से सावधान !
संवाददाता/in24न्यूज़
सीबीएसई 10वीं और 12वीं परीक्षा 2021 की तारीखों का ऐलान हो चुका है, अब विद्यार्थियों को डेटशीट का इंतजार है। 4 मई से शुरू होने जा रही सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट (टाइम टेबल) आने पर विद्यार्थियों को पता लगेगा कि उनके किस विषय की परीक्षा किस दिन है, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर सीबीएसई परीक्षा 2021 की एक फर्जी डेटशीट वायरल हो रही है। विद्यार्थी इस डेटशीट से गुमराह होने से बचें। भारत सरकार के प्रेस सूचना कार्यालय ने इस डेटशीट को फर्जी करार दिया है। सरकार की फैक्ट चैक ऑर्गेनाइजेशन पीआईबी फैक्ट चैक ने इस डेटशीट को पूरी तरह फेक करार दिया है। पीआईबी फैक्ट चैक ने ट्वीट कर कहा, 'सीबीएसई 10वीं 12वीं परीक्षा 2020-2021 की एक डेटशीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जोकि पूरी तरह से फेक है, हालांकि शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक यह घोषणा कर चुके हैं कि परीक्षाएं 4 मई से 10 जून 2021 तक होंगी। '
सीबीएसई ने दावा किया है कि समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा से संबंधित जानकारी दी जाती रहेगी। सोशल मीडिया समेत किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध जानकारी को तब तक सही नहीं ठहराया जा सकता जब तक कि वह जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध न हो। सीबीएसई डेटशीट आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर जारी की जाएगी। शिक्षा मंत्री निशंक ने गुरुवार को घोषणा की थी कि सीबीएसई 10वीं 12वीं की परीक्षा 4 मई से शुरू होंगी और 10 जून तक चलेंगी। प्रैक्टिकल एग्जाम 1 मार्च से होंगे। परीक्षाओं के परिणाम 15 जुलाई तक जारी हो जाएंगे। दोनों कक्षाओं की विस्तृत डेटशीट जल्द ही जारी कर दी जाएगी।
आपको बता दें कि सरकार से जुड़ी कोई खबर सच है या फर्जी, यह जानने के लिए पीआईबी फैक्ट चेक की मदद ली जा सकती है। कोई भी व्यक्ति पीआईबी फैक्ट चेक को संदेहात्मक खबर का स्क्रीनशॉट, ट्वीट, फेसबुक पोस्ट या यूआरएल वॉट्सऐप नंबर 8799711259 पर भेज सकता है या फिर pibfactcheck@gmail.com पर मेल कर सकता है।