Breaking News

आजादी का अमृत महोत्सव मनाइए : मन की बात में बोले पीएम मोदी

31 Jul, 2022 452

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

आज अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया. उन्होंने इस दौरान शहीद ऊधमसिंह समेत कई शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी. पीएम मोदी ने कहा कि हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. हमारे क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हमें जिम्मेदारी देकर गए हैं, हमें उन जिम्मेदारियों को निभाकर अपने कर्तव्यपथ का पालन करना है. इसके साथ ही देश में हो रहे कई कार्यक्रमों का यही संदेश है कि सभी लोग अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन करें. पीएम मोदी ने मन की बात के 91वें एपिसोड में कहा कि आने वाले 25 साल प्रत्येक देशवासी के लिए अमृतकाल की तरह हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई अभी भी जारी है. इस लड़ाई में भारतीय पारंपरिक पद्धतियां ने बड़ा योगदान भी दिया है. 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में मेघालय में एक कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसमें वहां के स्थानीय क्रांतिकारी, जिन्होंने वहां की संस्कृति पर हमला करने की साजिश का विरोध करते हुए सुंदर प्रस्तुतियां दी गई. मेघालय की महान संस्कृति को खूबसूरती से दर्शाया गया. इसी तरह कर्नाटक में अमृता भारती कन्नाडार्थी नाम का अभियान चलाया गया. इसमें कर्नाटक के सेनानियों को याद करने साथ-साथ कई चीजों को सामने लाया गया.  पीएम ने इस दौरान आजादी की लड़ाई में रेलवे के योगदान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जुलाई के महीने में रेलवे की पहल 'आजादी की रेलगाड़ी और रेलवे स्टेशन' की शुरूआत हुई. देश के अनेक रेलवे स्टेशन हैं जो इतिहास के जुड़े हैं. उन्होंने बताया कि झारखंड के गोमो जंक्शन को नेताजी सुभाषचंद्र बोस जंक्शन के नाम से जाना जाता है क्योंकि कालका मेल में सवार होकर वह ब्रिटिश अफसरों को चकमा देकर भाग गए थे. इसी तरह काकोरी स्टेशन के नाम की भी चर्चा की. उन्होंने बताया कि किस तरह क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाकुल्लाह खान काकोरी रेलवे स्टेशन से जुड़े हुए थे. उन्होंने बताया कि देशभर के 24 राज्यों के 75 रेलवे स्टेशनों की पहचान की गई. इन्हें सजाया जा रहा है. आपको भी ऐतिहासिक स्टेशन पर जाना चाहिए. यहां जाकर इतिहास के बारे में विस्तार से पता चलेगा. पीएम ने स्कूल के बच्चों से आग्रह किया कि वो स्टेशन पर जरूर जाएं. बता दें कि पीएम मोदी इससे पहले भी देश के ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करने की अपील कर चुके हैं.

अन्य खबरे