15 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को मुफ्त में दी जाएगी बूस्टर डोज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र सरकार ने देश में सभी वयस्क नागरिकों को कोविड टीके की बूस्टर डोज मुफ्त में लगाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि देश में आजादी के 75 वें वर्ष का महोत्सव चल रहा है। इस अवसर पर यह फैसला किया गया है कि 15 जुलाई से देश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को कोविड टीके की बूस्टर डोज मुफ्त में दी जाएगी। यह अभियान 15 जुलाई से अगले 75 दिन तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इससे देश में 18 वर्ष से 60 वर्ष के आयु वर्ग की 80 करोड़ से अधिक आबादी को लाभ होगा। बता दें कि काेरोना योद्धाओं और वरिष्ठ नागरिकों को पहले से कोविड का बूस्टर टीका नि:शुल्क दिया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को काेविड का बूस्टर टीका पिछले टीके के छह माह के अंतराल पर दिया जा सकता है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि आज सुबह सात बजे तक 199 करोड़ 12 लाख 79 हजार 10 टीके दिये जा चुके हैं। बता दें कि इनदिनों कोरोना ने अपनी रफ़्तार से फिर चिंता पैदा कर दी है।