Breaking News

168 लोगों को लेकर काबुल से भारत के लिए उड़ा आईएएफ का विमान

22 Aug, 2021 699

संवाददाता/in24 न्यूज़.
तालिबान के हमले और कब्ज़े के बाद अफगानिस्तान में लगातार बिगड़ते हालातों के बीच भारत सरकार अपने नागरिकों को एयरलिफ्ट करा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार भारतीय वायु सेना का विमान सी-17 आज सुबह ही काबुल से उड़ान भर चुका है। इसमें 168 यात्री सवार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची के मुताबिक 107 भारतीय नागरिकों सहित 168 यात्रियों के साथ आईएएफ  की खास उड़ान काबुल से दिल्ली के रास्ते में है। 168 लोगों का विमान आज देर शाम तक गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरेगा। वहीं शनिवार को 87 भारतीयों संग एयर इंडिया की एक फ्लाइट ने उड़ान भरी थी। सूत्रों के मुताबिक लॉजिस्टिक्स से संबंधित दिक्कतों को चलते फ्लाइट्स के टेकऑफ करने में दिक्कत हुई। फिलहाल ये अमेरिकी सुरक्षाबलों के कंट्रोल में है। हवाई अड्डे के बाहर तालिबान कंट्रोलिंग पॉइंट पर अफरा-तफरी का माहौल है। पिछले 24 घंटे में 390 भारतीयों को सुरक्षित लाया गया है। 168 को इंडियन एयरफोर्स के स्पेशल विमान से सीधे काबुल से लाया जा रहा है। 87 भारतीयों को काबुल से पहले ताजिकिस्तान ले जाया गया फिर वहां से एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली लाया जा रहा है। 135 भारतीयों को पिछले कुछ दिनों में काबुल से कतर पहुंचाया गया था अब वहां से देर रात दिल्ली लाया गया। विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि काबुल से सभी भारतीयों को सुरक्षित निकालने पर पूरा ध्यान सुनिश्चित करना होगा। एमईएफ ने साफ कहा कि इस वक्त सरकार की प्राथमिकता इस वक्त अफगानिस्तान में मौजूद सभी नागरिकों के बारे में सटीक जानकारी हासिल करना है। भारतीयों और उनके इम्पलॉयर्स से उनके बारे में जानकारी शेयर करने का अनुरोध किया गया है। मोटे तौर पर अनुमान के मुताबिक अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों की संख्या करीब 400 हो सकती है। भारत, अमेरिका और अन्य मित्रों से कॉर्डिनेशन के जरिए अफागनिस्तान से उन्हें निकालने की कोशिश कर रहा है। तालिबान कह चुका है नई सरकार की रूपरेखा का ऐलान तब तक नहीं करेंगे, जब तक अमेरिकी सैनिकों की वापसी की 31 अगस्त की समयसीमा खत्म नहीं हो जाती। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि अब तक 13 देश कम से कम अस्थायी रूप से जोखिम वाले अफगानों को शरण देने के लिए राजी हुए हैं। बता दें कि अफगानिस्तान में लगातार हिंसक घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

अन्य खबरे