Breaking News

सलमान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेवारी लारेंस बिश्नोई के भाई ने ली

15 Apr, 2024 2354

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुंबई में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेवारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। सलमान खान के घर के बाहर की गई गोलीबारी के बाद, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा रविवार सुबह अभिनेता के बांद्रा पश्चिम स्थित घर पर जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। इस घटना को मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने दो अज्ञात व्यक्तियों ने अंजाम दिया। वे तेजी से आए और गैलेक्सी अपार्टमेंट की दिशा में कम से कम चार गोलियां चलाईं। बता दें कि कई सालों से, सलमान खान और उनके परिवार को बिश्नोई गिरोह जैसे पंजाब स्थित कुछ माफिया समूहों से मौत की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। यह पता नहीं चला है कि गोलीबारी के समय सलमान खान घर पर थे या नहीं। घटना की जानकारी मिलने पर, बांद्रा पुलिस की एक टीम खान के घर पहुंची और जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा भी कड़ी कर दी। पुलिस शूटरों का पता लगाने के लिए इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बैलिस्टिक विशेषज्ञों के साथ अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और इमारत के प्रवेश द्वार पर एक गोली का निशान पाया। 58 वर्षीय सलमान खान संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं। इसमें उनके माता-पिता, भाई और उनके रिश्तेदार शामिल हैं। वे उपनगरीय उत्तर-पश्चिम मुंबई के सुरम्य बांद्रा समुद्र तट क्षेत्र में गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। राजस्थान में 1998 में काले हिरण के शिकार की घटना के बाद कई सालों से सलीम खान और सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बता दें इस घटना के बाद सलमान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फोन पर सलमान से बातचीत कारके उनका हालचाल पूछा है।

अन्य खबरे