सिखों की भावनाएं भड़काने के खिलाफ जालंधर में भी दर्ज हुए भारती सिंह पर दो मामले
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बड़बोली हास्य कलाकार भारती सिंह को एक कॉमेडी शो के दौरान दाढ़ी-मूंछ को लेकर टिप्पणी करना मंहगा पड़ गया है। उनके खिलाफ पंजाब में अभी तक अमृतसर और जालंधर जिले के आदमपुर में दो मामले दर्ज हो चुके हैं और वह मुश्किल में फंसती नजर आ रही हैं। भारती ने हालांकि अपनी इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस मामले में माफी मांगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉमेडी शो के दौरान जो भी कहा गया है उसका किसी धर्म, जाति या समुदाय से संबंध नहीं था और न ही उसने किसी का नाम लिया। उनके इस मजाक का गलत अर्थ निकाला गया है तथा इसका सिख समुदाय से भी कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद अगर उनकी कही गई बातों से किसी या समुदाय विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिये माफी मांगती हैं। वह स्वयं अमृतसर से हैं और उन्हें पंजाबी होने पर गर्व है। सिख संगठनों ने भारती की टिप्पणियों पर आपत्ति व्यक्त करते हुए इस मामले में अमृतसर और जालंधर के आदमपुर के थानों में उसके खिलाफ शिकायतें दी हैं जिन पर आपत्ति दर्ज हो चुकी है। अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने भारती के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जालंधर जिले के आदमपुर में गुरु रविदास टाइगर्स फोर्स (जीआरटीएफ) ने मामला दर्ज कराया है। दोनों ही संगठनों ने भारती का माफी को दरकिनार करते हुए ये शिकायतें दर्ज कराई हैं। अमृतसर के पुलिस आयुक्त अरुण पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि भारती सिंह इससे पहले ड्रग्स मामले में भी फंस चुकी हैं।